
हर दिन लाखों लोग पेट्रोल पंप पर अपनी गाड़ियों में ईंधन भरवाते हैं, लेकिन लगभग हर दूसरे ग्राहक के मन में यह सवाल जरूर उठता है “कहीं पेट्रोल की चोरी तो नहीं हो रही?” अक्सर कहा जाता है कि मशीनों को कुछ खास नंबरों पर, जैसे ₹100 या ₹500 पर, पहले से सेट कर दिया जाता है ताकि ग्राहक को थोड़ा कम पेट्रोल मिले। यही वजह है कि लोग अब 100 या 200 की बजाय ₹99 या ₹101 का पेट्रोल डलवाना पसंद करते हैं।
यह चलन इतना बढ़ गया है कि अब कई लोगों को लगता है यह “सेफ नंबर” है लेकिन क्या यह वाकई सच है या सिर्फ एक भ्रम?
Table of Contents
डिजिटल दौर में मशीनें कितनी भरोसेमंद हैं?
पेट्रोल पंप कर्मचारी कमलेश बताते हैं, “आज के समय में मशीनें पूरी तरह डिजिटल और ऑटोमेटिक हैं। जितने रुपए की फीडिंग करते हैं, उतने ही रुपए का पेट्रोल निकलता है। इसमें मानव हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं होती।” कर्मचारियों के अनुसार, हर मशीन ऑडिट सिस्टम से जुड़ी होती है, जिसे पेट्रोलियम कंपनी और सरकारी निरीक्षक समय-समय पर जांचते हैं। अगर मशीन ज़रा भी गड़बड़ करती है, तो तुरंत रीडिंग में अंतर आ जाता है और पता चल जाता है कि कुछ गलत है।
100 रुपये पर गड़बड़? कर्मचारी भी हुए परेशान
दिलचस्प बात यह है कि यह “100 रुपये वाला डर” अब लोगों की आदत बन चुका है। कई बार ग्राहक खुद कहते हैं “100 पर मत रखो, 110 या 120 का डालो।” कर्मचारी बताते हैं कि ऐसा कोई तकनीकी कारण नहीं, बल्कि यह सिर्फ मानसिक संतुलन का मामला है। भले ही मशीन सही हो, लेकिन ग्राहक के मन में भरोसा तब बनता है जब राशि बदल दी जाती है।
“कई बार ऐसा होता है कि एक ग्राहक 110 रुपये का डलवाता है, तो अगला भी वही कहता है, बिना किसी वजह के। ये अब एक ट्रेंड बन गया है,” कर्मचारी हंसते हुए कहते हैं।
क्या पहले होता था धोखा?
पुराने जमाने में जब मशीनें पूरी तरह ऑटोमेटिक नहीं थीं, तब कुछ पेट्रोल पंपों पर हेराफेरी की घटनाएं सामने आई थीं।
कुछ संचालक मशीनों में छोटी सी छेड़छाड़ करके प्रति लीटर में कुछ मिलीलीटर पेट्रोल कम कर देते थे। हजारों ग्राहकों से यह छोटी चोरी बड़ा फायदा बन जाती थी।
लेकिन आज के जमाने में यह लगभग असंभव है। अब की मशीनें कंप्यूटराइज्ड और सील्ड सिस्टम पर काम करती हैं। इन्हें बदलना या रीसेट करना बिना तकनीकी अनुमति के संभव नहीं है।
नई तकनीक ने खत्म की गड़बड़ियों की गुंजाइश
आज हर पेट्रोल पंप की मशीन सरकारी मीटरिंग स्टैंडर्ड्स से प्रमाणित होती है। हर फ्यूल डिस्पेंसर में “ऑटो-कैलिब्रेशन सिस्टम” लगा होता है, जो यह सुनिश्चित करता है कि मशीन केवल उतने ही पैसे का पेट्रोल दे जितना ग्राहक ने भुगतान किया है।
इसके अलावा, हर मशीन की बिक्री का डेटा केंद्र और कंपनी तक रिकॉर्ड रूप में पहुँचता है। यानी अगर एक बूंद भी पेट्रोल कम दिया गया, तो उसकी रिपोर्ट तुरंत सिस्टम में दर्ज हो जाती है।
फिर भी सतर्क रहें, ये हैं ज़रूरी टिप्स
हालांकि तकनीक ने अधिकांश गड़बड़ियां खत्म कर दी हैं, फिर भी उपभोक्ता का सतर्क रहना ज़रूरी है। अगर आपको कभी शक हो कि पेट्रोल कम मिल रहा है, तो कुछ सामान्य कदम अपनाएं:
- काउंटर पर “0.00” अवश्य देखें। नोजल उठाने से पहले मीटर पर जीरो दिखना चाहिए।
- रसीद मांगें। इससे भुगतान और लीटर दोनों का प्रमाण मिलता है।
- मीटर और स्टाफ पर नज़र रखें। फ्यूल भरते वक्त फोन या बातचीत में ना उलझें।
- शिकायत करें। अगर असमानता मिले, तो संबंधित तेल कंपनी या उपभोक्ता फोरम में शिकायत करें।
अब धोखा मुश्किल ही नहीं, नामुमकिन
आज की मशीनें इतनी पारदर्शी हैं कि चोरी का कोई बड़ा स्कोप नहीं बचा है। अगर कभी कम पेट्रोल मिले भी, तो संभावना है कि यह तकनीकी गड़बड़ी हो, न कि जानबूझकर किया गया फ्रॉड। पेट्रोल पंप पर आपको धोखा मिलने की संभावना अब बहुत कम रह गई है, बशर्ते ग्राहक जागरूक रहें और नियमों का पालन करें।

















